एक अच्छी दिनचर्या कैसे बनाएं

एक अच्छी दिनचर्या कैसे बनाएं

  

प्रत्येक व्यक्ति जिंदगी में सफल होना चाहता है और स्वस्थ रहना चाहता है। जिंदगी में सफल होना कई बातों पर निर्भर करता है जैसे परिश्रम करना, स्वस्थ रहना, खान पान, दिनचर्या, काम करने का तरीका आदि ऎसे कारक है जो आपकी जिंदगी पर सीधा प्रभाव डालते है। इन्ही कारणों में से एक प्रमुख कारण है आप की दिनचर्या।

हम दिन भर में जो भी कार्य करते है उसे ही दिनचर्या कहते है। दिनचर्या सुबह उठने से शुरू होती है और रात को सोने तक चलती है। सभी की दिनचर्या अलग होती है जो उनकी उम्र, उनके कार्य पर निर्भर करती है इसलिए किसी की दिनचर्या की तुलना अपनी दिनचर्या से करने से बचे।

एक अच्छी और नियमित दिनचर्या जहाँ आपको स्वस्थ और सफल बनाती है वहीँ अनियमित दिनचर्या से आप सफल नहीं हो पाते है और आपका स्वास्थ्य भी खराब रहता है। इससे हमारे जीवन पर बहुत अधिक नकरात्मक प्रभाव पड़ता है।

यदि इस दिनचर्या में कुछ परिवर्तन किये जाए तो हमारे लिए सफलता प्राप्त करना और सभी कामो को ठीक ढंग से पूरा करना सरल हो जाता है। हमें अपनी दिनचर्या कैसी रखना चाहिए, दिनचर्या बनाते समय कौन कौन सी बातो का ध्यान रखना चाहिए और उनका पालन किस प्रकार करना चाहिए

आइये जानते है ऐसी ही कुछ खास बातो के बारे में

1) सुबह जल्दी उठे :-

सुबह जल्दी उठने का प्रयास करे। इससे आपको दिनभर के कामो के लिए पूरा समय मिल पायेगा। नियमित कार्यो से निवृत होकर कसरत या योग करके अपने आप को स्वस्थ रखे। इसके लिए आप कम से कम आधा घंटे का समय जरूर निकाले। आप चाहे तो मैडिटेशन भी कर सकते है।

यदि आप को सुबह का घूमना पसंद है तो आप किसी भी बगीचे या शांत जगह पर टहल सकते है। इससे आपको प्रदुषण रहित ताज़ी हवा का फायदा मिलेगा। इससे आपका मन खुश रहेगा और आप दिन भर बिना थके अपने सभी कामो को निपटा लेंगे।

सुबह नाश्ता जरूर करे क्योंकि सुबह उठने पर शरीर को ताकत के लिए कुछ न कुछ खाने की जरुरत होती है। नाश्ता अपनी इच्छानुसार हल्का ले तो ठीक रहेगा।

2) पूजा पाठ करे:-

सुबह स्नान करने के बाद भगवान का पूजा पाठ जरूर करे। इससे मन को शांति मिलती है और मन खुश रहता है। यदि आप के पास अधिक समय है तो आप भजन सुनना और धार्मिक ग्रन्थ पढ़ने का काम भी कर सकते है।

यदि आप विद्यार्थी है तो आप सुबह पढाई करने की आदत जरूर डाले और यदि आप कही काम करते है तो उससे सम्बंधित काम कर सकते है। यदि आप दिन भर कार्यो की योजना बनाएंगे तो आप के काम सरलता से हो जायेंगे। इसलिए दिन भर के कार्यो की योजना जरूर बनाये।

3) नियमित भोजन करे:-

दोपहर का खाना निर्धारित समय पर कर ले। भोजन को धीरे-धीरे चबाकर और स्वाद लेकर बिना किसी चिंता के करे। भोजन को फाइबरयुक्त बनाने के लिए सलाद, फल और सब्जियों आदि का उपयोग जरूर करे। बाजार के तेज मिर्च मसाले वाले भोजन से बचे और पौष्टिक भोजन का आनंद ले।

हमेशा भूख के अनुसार ही भोजन करे और भोजन करने के बाद अधिक पानी नहीं पिए। दिन भर में पानी की पर्याप्त मात्रा जरूर ले। इससे आपके शरीर में पानी की कमी नहीं होगी और आपके शरीर से सभी विषैले पदार्थ बाहर निकल जायेंगे।

4) पाचन क्रिया सही रखे :-

दिन भर में चाय और कॉफी के अधिक सेवन से बचे। इससे पाचन क्रिया खराब होती है और स्वास्थ पर बुरा प्रभाव पड़ता है। यदि गर्मी का मौसम है तो ताजे फल या फलो का रस जरूर ले। नशीले पदार्थो के सेवन से हमेशा बचे।

5) लगातार काम नहीं करे :-

कभी भी लगातार काम नहीं करे। अधिक देर तक काम करने के बाद थोड़ी देर का गैप जरुरी होता है। इससे शरीर और दिमाग को आराम मिलता है। यदि संभव हो तो हमेशा एक जैसा काम करने से बचे। इस परिवर्तन से आप बोरियत महसूस नहीं करेंगे।

6) अपना मनोरंजन जरूर करे :-

शाम को अपने मनोरंजन के लिए टीवी देखे या मनपसंद किताब पढ़े। आप चाहे तो सोशल मीडिया का भी उपयोग कर सकते है। सभी विद्यार्थी शाम को दो से तीन घंटे पढाई जरूर करे।

शाम का भोजन हल्का होना चाहिए और भोजन सोने से दो घंटे पहले अवश्य कर ले। शाम को थोड़ी देर घूमने के लिए समय जरूर निकाले। इससे भोजन को पचने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और आपकी पाचन शक्ति भी अच्छी बनी रहेगी।

7) पर्याप्त नींद ले :-

देर रात तक जागने की आदत बदल ले इससे आपको सुबह जल्दी उठने में दिक्कत होगी और आप के स्वास्थ पर भी इसका विपरीत प्रभाव पड़ेगा। कम से कम छह घंटे की नींद जरूर ले।

रात को सोने से पहले चाय की जगह यदि दूध पिएंगे तो स्वास्थ के हिसाब से ठीक रहेगा। विद्यार्थी रात को देर तक पढाई करने की जगह सुबह जल्दी उठकर पढाई करने की आदत डाले। विद्यार्थियों के लिए आठ से दस घंटे की नींद बहुत जरुरी होती है।

8) बाहर घूमने अवश्य जाए:-

सप्ताहांत में परिवार के साथ घूमने जाने का प्लान अवश्य बनाये। आपका परिवार पुरे सप्ताह तक आप ही की तरह बिजी रहता है इसलिए उनका भी ध्यान रखे। इससे आपकी पुरे सप्ताह की थकान उतर जायगी और आप अधिक तरोताजा महसूस करेंगे।

आप अपने दोस्तों और परिचितों के घर भी जा सकते है। यदि आपने कोई जरुरी काम करने की योजना बनाई है तो उस काम को सबसे पहले करे। इसी प्रकार आप चाहे तो अगले सप्ताह भर की कार्यो की योजना बना सकते है क्योंकि किसी भी कार्य की सफलता उसकी सही योजना पर बहुत अधिक निर्भर करती है।

यदि आप अपनी दिनचर्या को इन सभी बातो के आधार पर बनाते है और सभी नियमो का दृढ संकल्प से पालन करते है तो आप निश्चित रूप से अपने सभी कार्यो को समय पर और बिना किसी असुविधा के कर पाएंगे।

इन बातो के अतिरिक्त यह भी ध्यान रखे कि अपनी दिनचर्या को तनाव मुक्त रखे और सुख - दुःख, सफलता -असफलता की परवाह किये बिना ही खुश होकर अपने पुरे दिन को व्यतीत करे। भगवान का धन्यवाद करे कि उन्होंने आपको इतना अच्छा जीवन जीने का मौका दिया।


अपनी राय पोस्ट करें

ज्यादा से ज्यादा 0/500 शब्दों